
तोपचंद, बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से दो समुदाय के लोगों के बीच खूनी झड़प हुई है।
खबर है कि, इस लड़ाई में एक की मौत हो गई है। वहीं एक पुलिसकर्मी समेत 4 लोग घायल हो गए है। गांव में तनाव का माहौल है।
घटना बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बिरामपुर में दो बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद दो समुदाय के लोग आपस में भीड़ गए। देखते ही देखते धारदार हथियार से हमला होने लगा। घटना में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं चार अन्य घायल है।
पुलिस पर भी किया पथराव
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव पहुंची पुलिस की टीम पर भी पथराव कर दिया। घटना में एक सब इंस्पेक्टर बीआर ठाकुर को चोट आई है। फिलहाल अभी स्थिति पुलिस नियंत्रण में है। एसपी भी गांव में मौजूद है। वहीं दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में फोर्स भेजी जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि, यहां पहले से लव जिहाद के मामले की वजह से दो पक्षों में तनाव की स्थिति थी। हिंदू लड़की की मुस्लिम लड़के से शादी को लेकर भाजपा और बजरंग दल के लोग भी वहां पहुंचे थे।