
तोपचंद, रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर लोकसभा सीट से चार बार सांसद रहे सोहन पोटाई का आज निधन हो गया। लंबे समय से वे कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। एम्स में उनका इलाज चल रहा था।
आपको बता दें कि, पूर्व सांसद सोहन पोटाई 1998 में भाजपा से पहली बार सांसद चुने गए। इसके बाद 1999, 2004 और 2009 में भी उन्होंने लगातार जीत हासिल की। 2016 में भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन्हें निलंबित कर दिया. इसके बाद वे आदिवासी नेता के रूप में समाज में सक्रिय हुए। सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वे काम कर रहे थे। पोस्टमैन की नौकरी छोड़कर उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जताया शोक
सांसद सोहन पोटाई के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक जताते हुए ट्वीट किया है कि, सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष, कांकेर लोकसभा से पूर्व सांसद सोहन पोटाई जी के निधन का समाचार दुखद है। उनका जाना एक अपूरणीय राजनीतिक और सामाजिक क्षति है। उनके सामाजिक योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। ईश्वर उनके परिवारजनों एवं चाहने वालों को संबल दे।