रायपुर। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कांग्रेस की सरकार के लिए बेहद कठिन दिन रहा। पंद्रह साल की भाजपा सरकार के बाद पंद्रह महीने में कांग्रेस की सरकार गिर गई। कमलनाथ के इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनका हौसला बढाया। सीएम भूपेश ने ट्विटर पर ट्वीट कर कहा कि “15 साल के भाजपा के कुशासन के सामने आपका 15 महीने का सुशासन मध्यप्रदेश की जनता कभी नहीं भूलेगी”@OfficeOfKNath जी। आपके द्वारा भ्रष्टाचारियों और माफियाराज के खिलाफ चलाया गया अभियान सराहनीय रहा। कांग्रेस फिर लौटेगी। जनता का विश्वास जीतेगी।
कमलनाथ ने अपने इस्तीफे में क्या लिखा
“मैंने अपने 40 साल के सार्वजनिक जीवन में हमेशा शुचिता की राजनीति की है और प्रजातांत्रिक मूल्यों को सदैव तरजीह दिया है। मध्य प्रदेश में पिछले दो हफ्ते में जो कुछ भी हुआ है, वह प्रजातांत्रिक मूल्यों के अवमूल्यन का एक नया अध्याय है। मैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद से अपना इस्तीफा दे रहा हूं। साथ ही नए बनने वाले सीएम को मेरी शुभकामनाएं। मध्य प्रदेश के विकास में उन्हें मेरा सहयोग सदैव रहेगा।