बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक बार फिर सुरक्षाकर्मियों पर महिलाओं पर बर्बरता पूर्वक मार-पीट करने का आरोप लगा है। एडसमेट्टा गांव की एक गर्भवती महिला समेत 6 महिलाओं ने नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।जवानों की पिटाई से एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार एंटी नक्सल ऑपरेशन पर गए जवानों ने एडसमेट्टा गांव में सल्फी पीने के बाद पैसे नहीं दिए। इसका महिलाओं ने विरोध करते हुए पैसे की मांग की। इससे जवान गुस्से में आये और कथित रूप से महिलाओं की बेदम पिटाई की। इस घटना के बाद घायल महिलाएं इलाज के लिए गंगालूर स्थित अस्पताल पहुंची।
हालांकि इस मामले में महिलाओं ने किसी भी तरह की शिकायत नहीं की है, लेकिन आईजी पी. सुंदरराज ने यह स्वीकार किया है कि एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े जवान उन क्षेत्रों में थे।
आईजी पी.सुंदरराज ने कहा कि मीडिया की ओर से शिकायत मिली है कि इस तरह की धटना घटित हुई है। इस मामले में शिकायत की जांच करेंगे। दोषी पाए जाने पर जवानों पर कार्रवाई होगी।