रायपुर। राजधानी के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में यवती की सड़ी-गली लाश मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। युवती और आरोपी वीरेन्द्र पटेल लिव-इन-रिलेशनशिप में रहते थे। वीरेंद्र ने घर चलाने के लिए कर्ज लिया था, और लगातार कर्जदारों का दबाव था। इस वजह से दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती थी।
मुजगहन थाना टीआई आर.एन पाण्डेय के अनुसार आरोपी वीरेंद्र ने बताया कि 6 फरवरी को दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद वह मृतका को घर में बंद कर के चला गया और जब घर वापिस आया तब तक लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद वीरेंद्र ने ही उसके शव को नीचे उतारा और कपडा ढक कर वहां से फरार हो गया।
टीआई ने आगे बताया कि लड़की जशपुर से रायपुर पढ़ने के लिए आई थी, लेकिन यहां वो वीरेंद्र के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने लगी। लड़की के परिजन हर महीने खर्चे के लिए पैसे भेजवाते थे, उसी पैसे से उनका घर चलता था। छह महीने पहले लड़की के परिजनों को इसकी भनक लगी तब परिजन रायपुर आकर लड़की को वापस ले जाना चाहते थे, लेकिन लड़की ने मना कर दिया था।