रायपुर। प्रदेश में मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन या चार दिनों में बारिश होने की सम्भावना जताई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 22 से 24 फ़रवरी तक छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी और और उत्तर से ठंडी और दक्षिण से चलने वाली गर्म हवायें छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर चुकी हैं। इसके असर से आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा 22, 23 व 24 फ़रवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। फ़िलहाल दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है पर रात के तापमान में कुछ खास बदलाब देखने नहीं मिल रहा और रात की ठण्ड बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 22 फ़रवरी से बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है। ऐसे में एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है।
बुधवार को राजधानी रायपुर का अधिकत्तम तापमान 32।2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। मौसम का यह मिजाज छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड में भी रहेगा।
यह भी पढ़ें