रायपुर। देश के कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष बदलने जा रही है, बीजेपी ने हाल में मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष को बदला है। छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी का अध्यक्ष बदला जाना तय है इसके लिए नेताओं ने अपनी लॉबिंग भी कर ली है। छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा से पहले ही कार्यकर्ता दुर्ग सांसद विजय बघेल को बधाई दे रहे है। विजय बघेल दुर्ग से सांसद है। हालंकि अभी पार्टी की तरफ से कोई भी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, फिर भी विजय बघेल को बधाईयां मिलने लगी है।
प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में आदिवासी चेहरे के तौर पर सांसद राम विचार नेताम विष्णु देव साय और पूर्व मंत्री महेश गागडा के नाम पर विचार-विमर्श चल रहा है। वहीं पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग की बात करें तो सांसद विजय बघेल, अरुण साव और संतोष पाण्डेय के नाम पर विचार चल रहा है। इससे पहले ही सोशल मीडिया में विजय बघेल को बधाई मिलने लगी है। सांसद विजय को आम कार्यकर्ता और समर्थक की बधाई तो मिल ही रही है पूर्व बीजेपी विधायक अवधेश चंदेल ने भी प्रदेश अध्यक्ष बनने की बधाई दे दी है।
वर्तमान में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी पूर्व सांसद और मंत्री रहे विक्रम उसेंडी निभा रहे है। विक्रम उसेंडी अपने सौम्य स्वभाव की वजह से कांग्रेस को लेकर उतने आक्रामक नजर नहीं आते है, ऐसे में पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान CLP लीडर धरम लाल कौशिक ही है जो विक्रम की इस कमी को पूरा करते है। अब देखना यह होगा कि किसको भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुनती है। हॉलाकि नेता प्रतिपक्ष पिछड़ा वर्ग से होने की वजह से ऐसी संभावना है कि, प्रदेश अध्यक्ष किसी और वर्ग से दिया जा सकता है।