रायपुर। मनोज मुन्ताशिर का एक बड़ा ही चर्चित कलाम “तुम्हें दिल लगी भूल जानी पड़ेगी, मोहब्बत की राहो में आकर तो देखो” को चरितार्थ करता एक किस्सा राजधानी के गंज थाने में दर्ज हुआ है। एक महिला डॉक्टर को कराटे मास्टर से दिल्लगी करना भारी पड़ गया। कराटे मास्टर ने महिला डॉक्टर को शादी का झांसा देकर उससे 19 लाख रूपये ठग कर फरार हो गया है। डॉक्टर ने इसके बाद रायपुर के गंज थाने में आप-बीती सुनाई है।
48 वर्षीय महिला डॉक्टर ने बताया है कि उसकी पहचान देवेंद्र नगर में कराटे प्लेनेट के नाम पर इंस्टीट्यूट चलाने वाले राजेश कुमार चंद्रा से वर्ष 2018 में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और फिर दोनों साथ में रहने लगे। इस दौरान महिला डॉक्टर राजेश का पूरा खर्च उठाती थी। राजेश पीड़िता को शादी करने का झांसा देता था। राजेश ने पीड़िता को बताया था कि ओडिशा में उसकी पत्नी है, जिससे उसका तलाक होने वाला है।
तलाक होने के बाद वह उससे शादी करेगा। आरोपी राजेश काफी शातिर है। वह कराटे एकेडमी चलाता था। उसने पीड़िता को भरोसे में लेने के लिए अपनी पहली पत्नी से तलाक होने की झूठी कहानी रची। उसने कई बार पीड़िता महिला डॉक्टर को एक युवती से बात कराया और उसे अपनी पत्नी बताता था। साथ ही युवती से यह भी कहता था कि वह महिला डॉक्टर से शादी करने वाला है। इस तरह महिला डॉक्टर उसके झांसे में आती रही। फिलहाल पुलिस ने राजेश के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पीड़िता ने उस पर भरोसा कर लिया और उसके साथ रहने लगी थी। इस दौरान उसने पीड़िता से 5 लाख रुपए नगद लिया था।
इसके अलावा उसके बैंक खाते, इंटरनेट बैंकिंग आदि का इस्तेमाल राजेश ही करता था। पीड़िता के खाते से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 14 लाख रुपए का आहरण भी राजेश ने कर लिया। राजेश और पीड़िता करीब दो साल साथ रहे। इसके बाद अचानक कुछ दिन पहले राजेश फरार हो गया। उसने अपना कराटे इंस्टीट्यूट भी किसी दूसरे को दे दिया है। उसने पीड़िता का फोन उठाना बंद कर दिया। राजेश ने पीड़िता के नाम से क्रेडिट कार्ड ले रखा है। क्रेडिट कार्ड से 10-15 हजार रुपए का बिल आने लगा और क्रेडिट कार्ड वाले पीड़िता से वसूली करने पहुंचे, तब राजेश के फरार होने का पता चला। पीड़िता ने उसे कॉल किया, तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ गंज थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।