रायपुर। प्रदेश में 1 दिसम्बर से चल रही धान खरीदी 15 फ़रवरी तक चलेगी। किसानों को धान बेचने के लिए और अधिक समय नहीं दिया जाएगा। यह बात प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कही है। उन्होंने बताया कि किसानों के पास न्यूनतम समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए पर्याप्त समय है, इसलिए समय को आगे बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं।
राज्य में सरकार ने खरीफ सीजन में 85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था। बीते दो महीनों में सरकार ने किसानों से 68 लाख 47 हज़ार मीट्रिक टन धान की खरीदी की है। अब बचे 11 दिनों में सरकार को उम्मीद है कि धान खरीदी के लक्ष्य तक पहुंच जाएगी। राज्य में करीब 19 लाख किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया था। जबकि एक आंकड़े की माने तो अभी 3 लाख किसान धान बेचने में शेष है।