रायपुर। प्रदेश के प्रख्यात भजन गायक रायपुर निवासी मदन सिंह चौहान को कला के क्षेत्र में पदमश्री पुरस्कार से नवाजा गया है। इससे राज्य की कला संस्कृति गौरवान्वित हुई है। खबर मिलने के बाद चौहान को बधाईयां मिलनी शुरू हो गई हैं। मदन सिंह चौहान को भजन गायक और तबला वादक के तौर पर भी जाना जाता है।
पद्म पुरस्कारों की घोषणा शनिवार को कर दी गई। इस बार देश की 118 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इसकी घोषणा कर दी गई। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भजन गायक मदन सिंह चैहान को संगीत के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान की घोषणा होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम बघेल ने कहा कि मदन चौहान छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध संगीत शिक्षक, गजल गायक और सूफी गायक हैं, उन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत साधना के लिए समर्पित कर दिया।
मदन चौहान को गुरूजी के नाम से भी जाना जाता है । देश के कई मंचों पर यह अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बार जारी किए गए पद्म सम्मानों की सूची में मदन चौहान ही छत्तीसगढ़ से इकलौता नाम हैं। शनिवार को केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई । मदन सिंह चैहान का जन्म 15 अक्टूबर 1947 को हुआ था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस वर्ष मार्च-अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में मदन सिंह चौहान समेत अन्य चयनित हस्तियों को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत करेंगे।