रायपुर। बेमेतरा जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अभियंता प्रकाश कुमार सर्वे को नगर पालिका निगम रिसाली का पहला आयुक्त बनाया गया है। जबकि उप सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की रीता यादव को सीईओ जिला पंचायत बेमेतरा बनाया गया है। यह आदेश राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमति ले कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अनुमोदन पर जारी किया गया है।
हाल ही में भिलाई नगर निगम से रिसाली को अलग कर दिया गया था। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान वर्तमान के गृह मंत्री तम्रध्वज साहू ने रिसाली को नगर निगम बनाने की घोषणा की थी। सत्ता में आने के बाद भिलाई नगर निगम के महापौर और विधायक देवेन्द्र यादव ने महापौर परिषद से इसकी स्वीकृति देकर शासन को भेजा था। इसके बाद 20 नवंबर 2019 को शासन की ओर राजपत्र जारी कर रिसाली को पृथक नगर निगम बनाया था। जिसे अब 10 जनवरी 2020 को अपना पहला आयुक्त मिला है।
कौन-कौन से वार्ड को मिलाकर बना रिसाली नगर निगम
भिलाई से जो वार्ड कटकर रिसाली नगर निगम में शामिल हुए हैं वो हैं- वार्ड क्र. 39 पुरेना, वार्ड क्र. 40 जोरातराई, वार्ड क्र. 41 डूडेरा, वार्ड क्र. 42 नेवई भाटा, वार्ड क्र. 43 स्टेशन मरोदा, वार्ड क्र. 44 मरोदा कैंप मोहरी भाठा, वार्ड क्र. 45 मरोदा सेक्टर, वार्ड क्र. 58 रिसाली सेक्टर उत्तर, वार्ड क्र. 59 रिसाली सेक्टर दक्षिण, वार्ड क्र. 60 रिसाली बस्ती, वार्ड क्र.61 प्रगतिनगर रिसाली, वार्ड क्र. 62 रुआबांधा सेक्टर और वार्ड क्र. 63 रुआबांधा बस्ती है।