कोरबा। कांग्रेस ने कोरबा नगर निगम में भी अपना कब्ज़ा जमा लिया है। कांग्रेस के राजकिशोर प्रसाद ने महापौर पद पर 34 वोट पाकर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा की रितु चौरसिया को 33 वोट मिले। एक वोट के अंतर महापौर की कुर्सी पर कब्ज़ा बनाना कांग्रेस के लिए आसान नहीं था क्योंकि भाजपा ने 31 वार्डों में जीत दर्ज की थी, वहीं कांग्रेस के हाथ 26 वार्ड ही आये थे।
ऐसे में कांग्रेस का महापौर बनाने में बसपा और जनता कांग्रेस के पार्षद की अहम भूमिका रही। पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद यहां सियासी उलटफेर देखने को मिला। जेसीसीजे-बसपा ने कांग्रेस को समर्थन दिया।
तीन पार्षदों के समर्थन के साथ ही कांग्रेस का आंकड़ा 34 के पार हो गया। जबकि बीजेपी ने दो निर्दलीय का समर्थन लेकर सिर्फ 33 पर ही अटक गई। अंतिम परिणाम में कांग्रेस के राजकिशोर प्रसाद विजयी घोषित हुए।