रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को कांग्रेस के भारत बचाओ रैली को कांग्रेस बचाओ रैली बताया है।
“एक ओर किसानों को वो धोखा दे रहे है और दूसरी ओर दिल्ली में किसानों को न्याय दिलाने की बात करते हुए, भारत बचाने के बहाने राहुल गांधी की राजनीति बचने का प्रयास में जुटे हैं,” डॉ. रमन ने पत्रकारों से अपने निवास में चर्चा करते हुए कहा।
डॉ. रमन के अनुसार कांग्रेस की रैली में राहुल गाँधी के पोस्टर हर जगह लगे हुए हैं।
“राहुल लोकसभा चुनाव में मिले हार के बाद ‘शॉक’ में चले गए हैं। शायद इसलिए राज्यों से लोगों को ले जाकर उनको भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही है कि जनता राहुल गांधी के साथ है। यह रैली राहुल को फिर से नेता बनाने के लिए की जा रही है और राहुल गांधी जितना सक्रिय होंगे, भाजपा को उतना फायदा होगा। इसमें कोई दो राय नहीं कि राहुल गांधी ने हमेशा भाजपा का फायदा ही किया है,” डॉ रमन ने कहा।
डॉ.रमन सिंह ने CAB को छत्तीसगढ़ में लागू नहीं करने के बयान पर मुख्यमंत्री बघेल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह देश का मामला है कांग्रेस को इस पर राजनीति नहीं करना चाहिए। यह बिल संविधान के सातवीं अनुसूची को ध्यान में रख कर बनाया गया है।
डॉ. रमन ने राहुल के ‘रेप इन इंडिया’ वाले बयान पर कहा कि यह देश के सम्मान को कम करने वाला बयान है। राहुल गांधी पहले उन राज्यों को देखे जहां कांग्रेस का शासन है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहले छत्तीसगढ़ में ध्यान देवें। प्रदेश में लगातार हत्याएं और रेप की घटनाएं हो रही।